फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा नगर क्षेत्र में डग्गामार एवं ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जयपुर की ओर से आ रही तथा शाहजहांपुर की ओर जा रही एक निजी बस को जब जांचा गया तो उसमें निर्धारित 36 सीटों की तुलना में 60 सवारियां पाई गईं। ओवरलोडिंग की पुष्टि होने पर एआरएम रोडवेज राजेश कुमार की उपस्थिति में बस को जब्त कर रोडवेज बस अड्डे में सीज कर दिया गया। संबंधित बस पर ₹61,000 का जुर्माना भी लगाया गया।
इसके अतिरिक्त, एक ओवरलोड ट्रक को थाना राजेपुर क्षेत्र में सीज किया गया और उस पर ₹41,000 का जुर्माना लगा। वहीं, पांच ऐसे ट्रकों को भी सीज किया गया जो टैक्स बकाया होने के बावजूद सड़कों पर चल रहे थे। इन पर कुल ₹15,000 का जुर्माना लगाया गया और ₹1.90 लाख से अधिक का टैक्स बकाया पाया गया। परिवहन विभाग द्वारा यह अभियान भविष्य में भी जारी रखने की चेतावनी दी गई है ताकि जनपद में यातायात नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
आरओ/एआरओ परीक्षा को लेकर विशेष निर्देश
दिनांक 27 जुलाई 2025 को जनपद फर्रुखाबाद में आयोजित होने वाली आरओ/एआरओ परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। परीक्षा के लिए 12,000 से अधिक अभ्यर्थियों के जनपद में आने की संभावना है। जिलाधिकारी द्वारा कार्यालय परिसर में ऑटो, टेंपो व ई-रिक्शा चालकों तथा उनके प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षार्थियों से अधिक किराया न लें। यदि किसी वाहन चालक द्वारा किराया अधिक लेने की शिकायत मिलती है तो संबंधित वाहन का परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। यह भी बताया गया कि परीक्षा केंद्र नगर क्षेत्र से दूर बरौन व कमालगंज सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों में बनाए गए हैं। ऐसे में सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अभ्यर्थियों से मधुर व्यवहार करें और अनुशासन का पालन करें।
