फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ पुलिस द्वारा हेलमेट वितरण अभियान: सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश।

(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जुलाई 2025 जनपद में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने तथा दोपहिया वाहन चालकों व काँवड़ियों को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में नगर क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय द्वारा आज एक विशेष हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपकरणों से लैस करना रहा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी महोदय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा “सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट न केवल यातायात नियमों का पालन है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है।” कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, विशेष रूप से युवा वर्ग उपस्थित रहा। उन्हें निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए और पुलिस अधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों, व नियमों के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई।

इस पहल से न केवल लोगों में कानून के प्रति विश्वास बढ़ा है, बल्कि समाज में पुलिस की जनहितकारी भूमिका को भी मजबूती मिली है। फतेहगढ़ पुलिस की यह पहल निश्चित रूप से एक सकारात्मक कदम है, जो आने वाले समय में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाने में मददगार सिद्ध हो सकती है।