फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अक्टूबर 2025 महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), ठण्डी सड़क, फर्रुखाबाद में मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कुमारी गुनगुन शाक्य (व्यवसाय–कास्मेटोलाजी) को एक दिन के लिए संस्थान की प्रधानाचार्या की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं कु० तमन्ना गुप्ता (कास्मेटोलाजी) और नागेन्द्र सिंह (इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक) को कार्यदेशक नियुक्त किया गया।
एक दिन की प्रधानाचार्या कु० गुनगुन शाक्य ने अपने सहयोगी कार्यदेशकों के साथ संस्थान की सभी कार्यशालाओं एवं प्रशिक्षण कक्षों का निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों को प्रशिक्षार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान नोडल प्रधानाचार्य राजवीर सिंह, कार्यदेशक बृजेश कुमार, सुनील कुमार, मो० इखलाक सिद्दीकी, संस्थान का समस्त स्टाफ एवं सभी प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।
संस्थान में माहौल उत्साहपूर्ण रहा। प्रशिक्षार्थियों ने आज की प्रधानाचार्या कु० गुनगुन शाक्य, कार्यदेशक कु० तमन्ना गुप्ता एवं नागेन्द्र सिंह को अपने प्रेरणास्रोत बताया। तीनों ने प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि “नारी सशक्तिकरण तभी साकार होगा जब महिलाएँ हर क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभाएँ।”
यह आयोजन मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम सिद्ध हुआ।
