फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 नवंबर 2025 ग्राम नगला दुबे में रविवार को नव निर्मित मैत्री शांति उपवन बुद्ध विहार में भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे माननीय विधायक सुशील शाक्य (MLA) जी ने बुद्ध प्रतिमा का अनावरण कर समाज में करुणा, अहिंसा और शांति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूज्य भंते धर्म कीर्ति एवं श्री कर्मवीर शाक्य जी की गरिमामयी उपस्थिति ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया। बुद्ध विहार परिसर में उपस्थित लोगों ने प्रभु बुद्ध के उपदेशों—मैत्री, करुणा, शील और सम्यक दृष्टि—को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
विधायक सुशील शाक्य जी ने कहा कि भगवान बुद्ध का पूरा जीवन मानवता, भाईचारे और समानता का संदेश देता है। नव निर्मित मैत्री शांति उपवन बुद्ध विहार आने वाली पीढ़ियों को शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाने वाला पावन तीर्थस्थल बनेगा।
उन्होंने स्थानीय ग्रामवासियों और समिति को इस श्रेष्ठ कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसा स्थल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और लोगों को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं एवं बुद्ध अनुयायी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विश्व शांति की कामना की।
