फर्रूखाबाद:योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस एवं विश्व पर्यावरण दिवस पर भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिवस और विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर फर्रूखाबाद में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में आवास विकास क्षेत्र स्थित भाजपा जिला कार्यालय के निकट संपन्न हुआ।

 कार्यक्रम के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष रूपेश गुप्ता, जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता, जिला महामंत्री डीएस राठौर सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने पौधे रोपित किए।

  इस अवसर पर फतेहचंद वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा, “योगी जी ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को सशक्त किया है और गरीब, वंचित, शोषित तथा दलित वर्ग के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। जो प्रदेश कभी बीमारू राज्य कहा जाता था, वह आज देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों में गिना जाता है। एक्सप्रेसवे, रोजगार, बिजली और पानी की व्यवस्था में उत्तर प्रदेश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है।”

  उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार के सफलतम 11 वर्षों के कार्यकाल को भी इस अवसर पर स्मरण किया गया। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में केंद्र सरकार ने जनकल्याण के ऐतिहासिक कार्य किए हैं और भाजपा संगठन इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरे जनपद में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगा।

  विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों और बूथों पर अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “मानव जीवन के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण अत्यंत आवश्यक है। यह हमारा नैतिक दायित्व है कि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित करें।”

इस कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री धर्मेंद्र राजपूत, जिला मंत्री अभिषेक बाथम, पूर्व जिला महामंत्री प्रभात अवस्थी, पूर्व मंडल अध्यक्ष विकास पांडे, अभिषेक बाजपेई, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया, फतेहगढ़ मंडल अध्यक्ष रमला राठौर, बढ़पुर पश्चिम मंडल अध्यक्ष संतोष राजपूत समेत अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।