फर्रुखाबाद:राष्ट्रीय खेल दिवस-2025 पर फर्रुखाबाद में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अगस्त 2025 हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द जी की जयंती पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस-2025 के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, फर्रुखाबाद द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम में दो दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जूनियर बालिका वर्ग ताइक्वांडो प्रतियोगिता एवं जूनियर बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक भोजपुर श्री नागेन्द्र सिंह राठौर एवं नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं टॉस कराकर किया। इस अवसर पर क्रीड़ाधिकारी फर्रुखाबाद ने अतिथियों को माला व पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।

कबड्डी प्रतियोगिता

जिला स्तर पर आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में कुल 14 बालक टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में सीपी ग्लोबल ए टीम ने नवाबगंज टीम को 8 अंकों से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि नवाबगंज टीम उपविजेता बनी। निर्णायक मंडल में कुलदीप कुमार यादव (सचिव, जिला कबड्डी एसोसिएशन) सहित कई निर्णायक मौजूद रहे।

ताइक्वांडो प्रतियोगिता

जूनियर बालिका वर्ग ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 79 प्रतिभागियों ने निःशुल्क पंजीकरण कर हिस्सा लिया। विभिन्न भार वर्गों में कृतिका (अंडर-24), आस्था (अंडर-28), सिद्धि (अंडर-34), दिव्यांशी (अंडर-36), सुमन (अंडर-40), स्वाति राजपूत (अंडर-44), कशिश (अंडर-51), अनुष्का (अंडर-54), निधि कन्नौजिया (अंडर-58) और आध्या (अंडर-63) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में सनी दिवाकर, आदित्य राठौर, रूबी, दीपान्जली, उपासना, सिमरन कन्नौजिया सहित कई निर्णायक उपस्थित रहे।

सम्मान व पुरस्कार वितरण

प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर सांसद फर्रुखाबाद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री डी०एस० राठौर एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विजेता/उपविजेता खिलाड़ियों और निर्णायकों को पुरस्कार वितरित किए। अतिथियों को क्रीड़ाधिकारी द्वारा पटका ओढ़ाकर और मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया।

आगामी कार्यक्रम

खेल महोत्सव के अंतर्गत 31 अगस्त 2025 को सुबह 8:00 बजे से “संडे ऑन साइकिल” एवं “फिट इंडिया रैली” का आयोजन होगा। इच्छुक प्रतिभागियों से प्रातः 7:30 बजे साइकिल सहित उपस्थिति दर्ज करने की अपील की गई है।