फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 सितम्बर 2025 मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में करियर मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय एवं महिला थाना टीम ने प्रतिभाग कर बालिकाओं को सम्मानित किया तथा उन्हें समाज में महिलाओं की भूमिका, उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि शिक्षा और आत्मनिर्भरता से ही महिला सशक्तिकरण संभव है। महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है, तभी वे समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकती हैं। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन एवं सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी दी गई।
क्षेत्राधिकारी नगर ने अपने संबोधन में कहा कि आज की बालिकाएँ ही कल की मजबूत राष्ट्र निर्माता हैं। उन्हें करियर और जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। महिला थाना की टीम ने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर, कानूनी अधिकारों और आत्मरक्षा के उपायों से भी अवगत कराया।
करियर मेले में छात्राओं ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर अपने भविष्य से जुड़ी जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभाग करने वाली बालिकाओं को स्मृति चिह्न व प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह आयोजन न केवल छात्राओं के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी रहा।
