फर्रुखाबाद को मिली बड़ी सौगात: सेन्ट्रल जेल चौराहे पर नया बिजलीघर स्वीकृत, गर्मियों में नहीं होगी बिजली की कटौती

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 जुलाई 2025 जनपद के नागरिकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी के सतत प्रयासों और भागीरथ कोशिशों के परिणामस्वरूप सेन्ट्रल जेल चौराहे पर एक और नया बिजलीघर (पावर स्टेशन) स्वीकृत हो गया है। यह जसमई तिराहे के बाद जनपद को मिला दूसरा नया बिजलीघर है, जो क्षेत्र की बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।

इस स्वीकृति के लिए सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी तथा ऊर्जा मंत्री श्री एके शर्मा जी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह नया बिजलीघर आगामी गर्मी से पूर्व बनकर तैयार हो जाएगा और इसके चालू होते ही फर्रुखाबाद शहर और आस-पास के क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

विधायक द्विवेदी ने कहा, “जनता को निर्बाध बिजली मिले, यह हमारा संकल्प है। हमारी प्राथमिकता है कि हर घर तक 24 घंटे बिजली और स्वच्छ पानी पहुंचे। आने वाले समय में ‘सबको बिजली, सबको पानी’ की भावना को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है।” स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न सिर्फ घरेलू उपयोगकर्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। नगर में चर्चा है कि फर्रुखाबाद की बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए यह एक ऐतिहासिक कदम है, और आने वाले समय में यह जनपद को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।