फर्रुखाबाद:”पर ब्लाक वन क्रॉप” योजना के अंतर्गत कीरतपुर में आयोजित हुई उद्यान गोष्ठी, किसानों को दी गई योजनाओं की विस्तृत जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2025 आज विकास खण्ड बढ़पुर के ग्राम कीरतपुर में “पर ब्लाक वन क्रॉप” कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी की अध्यक्षता कानपुर मण्डल के उप निदेशक उद्यान मुकेश कुमार द्वारा की गई। इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी राघवेन्द्र सिंह, उद्यान निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह एवं श्याम सिंह, सहायक उद्यान निरीक्षक अभिषेक कुमार तथा उद्यान सहायक जीतू सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। गोष्ठी की शुरुआत में जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि बढ़पुर ब्लॉक के लिए चयनित फसल “आलू” है, और इसकी बुवाई से लेकर भंडारण, परिवहन और विपणन तक विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को सहायता प्रदान की जा रही है। गोष्ठी में एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत शाकभाजी, फल, फूल, मसाले, जैविक खेती, मशीनरी और मौनपालन से संबंधित लक्ष्यों की जानकारी दी गई। इसके अंतर्गत अनुसूचित जाति के कृषकों के लिए विशेष आरक्षित लक्ष्य भी शामिल हैं। जैसे कि:

शाकभाजी क्षेत्र विस्तार: 100 हेक्टेयर (SC – 20 हे.)

मचान निर्माण: 20 हे. (SC – 5 हे.)

फल क्षेत्र: स्ट्राबेरी, ड्रैगन फ्रूट, केला, करौंदा, आम इत्यादि

पुष्प क्षेत्र विस्तार: ग्लैडियोलस, गेंदा आदि

मशरूम इकाई स्थापना: उत्पादन, स्पॉन निर्माण, कंपोस्ट इकाई के लिए सब्सिडी

टिश्यू कल्चर लैब और बीज विधायन केंद्र की स्थापना हेतु करोड़ों की लागत पर सब्सिडी योजना

गोष्ठी में ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ (माइक्रो इरिगेशन) योजना के तहत किसानों को ड्रिप, मिनी स्प्रिंकलर, रेनगन आदि सिंचाई पद्धतियों पर 65% से 90% तक अनुदान उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। यह योजना UPMIP पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है।

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत जनपद को 814 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना का लक्ष्य दिया गया है। इसके अंतर्गत आलू चिप्स, अचार, आटा चक्की, दूध उत्पाद, मशरूम, बेकरी आदि से संबंधित उद्योगों की स्थापना हेतु 35% क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी दी जाएगी, जिसकी अधिकतम सीमा 10 लाख रुपये प्रति इकाई है।

कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक महोदय ने किसानों को कांट्रैक्ट फार्मिंग, निर्यात और एक्सपोर्ट प्रमोशन बोर्ड की कार्यप्रणाली के बारे में भी जागरूक किया और सभी किसानों से नई तकनीकों को अपनाने की अपील की। गोष्ठी का समापन जिला उद्यान अधिकारी श्री राघवेन्द्र सिंह द्वारा सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित कृषकों का धन्यवाद ज्ञापित कर किया गया।