फर्रुखाबाद: वाराणसी से प्रधानमंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त की सौगात दी,जिले के 2.12 लाख किसानों को ₹42.48 करोड़ की धनराशि जारी

(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तर प्रदेश के वाराणसी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 20वीं किस्त का डिजिटल हस्तांतरण किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद के 2,12,425 किसानों को ₹42.48 करोड़ की धनराशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की गई।

प्रधानमंत्री के इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का जनपद स्तरीय सजीव प्रसारण विकास खण्ड मोहम्मदाबाद के कृषि विज्ञान केन्द्र, जाजपुर बंजारा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री मोनिका यादव, भोजपुर विधायक श्री नागेन्द्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेह चन्द्र वर्मा, भाजपा महामंत्री श्री डी.एस. राठौर, मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़, उप कृषि निदेशक श्री अरविन्द मोहन मिश्र, जिला कृषि अधिकारी श्री बी.के. सिंह, एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के अध्यक्ष डॉ. अभिमन्यु उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त, विकास खण्ड स्तर पर स्थित सभी विकास खण्ड सभागार, प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केन्द्र, सहकारी समितियाँ, तथा ग्राम पंचायतों पर भी सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई, जहां किसानों ने भारी संख्या में एकत्र होकर प्रधानमंत्री का प्रेरणादायक संबोधन सुना।

उल्लेखनीय है कि जनपद फर्रुखाबाद में अब तक (19वीं किस्त तक) 2,66,923 किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल चुका है, जिसके तहत ₹739.69 करोड़ की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की जा चुकी है। 20वीं किस्त के माध्यम से यह राशि और अधिक किसानों तक पहुंचाई गई, जिससे कृषकों में हर्ष एवं संतोष का वातावरण देखने को मिला। उप कृषि निदेशक कार्यालय, फर्रुखाबाद की ओर से सभी पात्र किसानों से अनुरोध किया गया है कि वे समय-समय पर अपने भूलेख व आधार लिंकिंग की स्थिति की जांच करते रहें, ताकि इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ नियमित रूप से प्राप्त होता रहे।