फर्रुखाबाद:धम्मालोको बुद्ध विहार संकिसा में पूर्व प्रधानाचार्य सरदार सिंह शाक्य ने भिक्षु संघ एवं अनुयायियों को किया भव्य भोजन दान कार्यक्रम।

(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अगस्त 2025 जनपद के ऐतिहासिक एवं बौद्ध धर्म के पवित्र स्थल संकिसा स्थित धम्मालोको बुद्ध विहार में आज एक भव्य भोजन दान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन धम्मालोको बुद्ध विहार सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भिक्षुगण, बुद्ध अनुयाइयों  ने सहभागिता की।

इस आयोजन की मुख्य विशेषता यह रही कि भोजन दान मैनपुरी जनपद से पधारे गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज के संस्थापक एवं पूर्व प्रधानाचार्य सरदार सिंह शाक्य द्वारा किया गया। 85 वर्षीय वरिष्ठ शिक्षाविद् सरदार सिंह शाक्य न केवल एक अनुकरणीय शिक्षाविद् हैं, बल्कि बौद्ध मूल्यों के प्रति गहरी आस्था रखने वाले समाजसेवी भी हैं। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ट्रस्ट अध्यक्ष कर्मवीर शाक्य ने बताया कि – “सरदार सिंह शाक्य जी हमारे पुराने सहयोगी व प्रेरणास्रोत हैं। वे पड़ोसी जनपद मैनपुरी में निवास करते हैं, लेकिन फिर भी धम्मालोको बुद्ध विहार के प्रति उनका समर्पण और सेवा भावना हमेशा अद्वितीय रही है।”

कार्यक्रम के अंतर्गत भिक्षु संघ को शुद्ध व पौष्टिक भोजन अर्पित किया गया। भोजन दान के पश्चात भिक्षु संघ द्वारा त्रिसरण, पंचशील एवं मैत्री भावना का पाठ किया गया, जिससे पूरे विहार परिसर में शांति, करुणा एवं सौहार्द का वातावरण व्याप्त हो गया। धम्मालोको बुद्ध विहार सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम जनपद में बौद्ध संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ समाज में सेवा, सहिष्णुता और नैतिक मूल्यों के विस्तार हेतु एक प्रेरणा बन रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष कर्मवीर शाक्य ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और बताया कि – “धम्मालोको बुद्ध विहार भविष्य में भी भिक्षु संघ के कल्याण एवं समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।”