फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 सितम्बर 25 अभिधम्म स्थली संकिसा स्थित धम्मा लोको बुद्ध विहार प्रांगण में आज एक भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन सम्पन्न हुआ। बुद्ध शासन के प्रतिभा संपन्न समाजसेवी लाला विजय बहादुर कुशवाहा के नेतृत्व में पूज्य भिक्खु संघ को सामूहिक रूप से भोजन दान अर्पित किया गया। यह आयोजन न केवल सामाजिक समरसता का प्रतीक बना बल्कि बौद्ध परंपरा की दान संस्कृति को भी उजागर करता रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई श्रद्धालु एवं समाजसेवी परिवारजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कमलेश शाक्य, विजय सिंह शाक्य, लालाराम शाक्य, देवकीनंदन शाक्य, रामवीर शाक्य, डॉक्टर देवेश शाक्य, पिंकू शाक्य, विकास शाक्य, आकाश शाक्य, सुषमा शाक्य, सुमन शाक्य, गुड्डी शाक्य, प्रीति देवी एवं प्रतिभाश्री सहित अनेक लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भिक्खु संघ की सेवा कर पुण्य अर्जित किया।
भोजन दान के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भिक्खु संघ से आशीर्वाद प्राप्त किया और बुद्ध धम्म के करुणा, मैत्री और दया के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सामूहिक रूप से यह भावना उभरकर सामने आई कि समाज में करुणा और दान की परंपरा को आगे बढ़ाना ही सच्ची सेवा है।
आयोजन स्थल धम्मा लोको बुद्ध विहार का वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। भिक्खु संघ के मंगलाचरण और आशीर्वचन से वहां उपस्थित हर व्यक्ति ने आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया।
इस अवसर पर लाला विजय बहादुर कुशवाहा ने कहा कि — “बुद्ध धम्म में दान का विशेष महत्व है। भोजन दान करना सबसे श्रेष्ठ पुण्य कर्म है, क्योंकि इससे करुणा और सहानुभूति की भावना प्रबल होती है। हमें समाज में जरूरतमंदों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए।”
इस प्रकार का आयोजन न केवल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है बल्कि नई पीढ़ी को करुणा और सेवा की राह पर प्रेरित भी करता है।
