फर्रुखाबाद:कायमगंज गन्ना मिल विवाद पर किसानों की जीत, ₹200 उतराई कटौती बंद — जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 नवम्बर 2025 जनपद के तहसील कायमगंज क्षेत्र के गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। कायमगंज सरकारी गन्ना मिल के अंतर्गत आने वाले रोशनाबाद और फैजबाग गन्ना क्रय केंद्रों को गलत तरीके से रूपापुर शुगर मिल को दे दिया गया था। इस फैसले का विरोध करते हुए क्षेत्र के किसानों ने 31 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन देकर धरना-प्रदर्शन किया था।

किसानों के इस आंदोलन का त्वरित असर देखने को मिला। शुक्रवार को जिला गन्ना अधिकारी ने कायमगंज चीनी मिल, रूपापुर चीनी मिल तथा सहायक चीनी आयुक्त शाहजहांपुर को संबोधित एक पत्र जारी करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि गन्ना क्रय केंद्रों पर किसानों से की जा रही ₹200 प्रति ट्राली उतराई शुल्क तथा 50 किलो प्रति ट्राली गन्ना कटौती को तत्काल बंद किया जाए।

इस आदेश के बाद किसानों को सीधे तौर पर लगभग ₹400 प्रति ट्राली का लाभ मिलेगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि सभी क्रय केंद्रों पर किसानों के हित में आवश्यक जानकारी एवं सुविधाओं से संबंधित होर्डिंग्स लगाई जाएं ताकि किसान शोषण से बच सकें।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने बताया कि यह किसानों की संघर्षशील जीत का पहला कदम है। उन्होंने कहा — “हमने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था कि यदि गन्ना विभाग ने किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो किसान गन्ना क्रय केंद्रों के बजाय अधिकारियों के दफ्तरों में ट्राली भरकर गन्ना ले जाएंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि अब लड़ाई यहीं खत्म नहीं होगी। जो गन्ना क्रय केंद्र गलत तरीके से अन्य मिलों को दिए गए हैं, उन्हें भी वापस लिया जाएगा। साथ ही कायमगंज चीनी मिल में हो रही अनियमितताओं को भी दूर किया जाएगा।

अजय कटियार ने सरकार से यह भी मांग की कि कायमगंज चीनी मिल की पुरानी और जर्जर मशीनरी को पूरी तरह से बदला जाए ताकि गन्ना पेराई की क्षमता बढ़े और किसानों को समय पर भुगतान व उचित लाभ मिल सके।

इस फैसले से कायमगंज क्षेत्र के गन्ना किसानों में हर्ष की लहर है। किसानों ने कहा कि यह कदम उनके संघर्ष और एकता की बड़ी जीत है।