फर्रुखाबाद:कायमगंज चीनी मिल विवाद पर भड़के किसान, रूपापुर यूनिट को सेंटर देने के फैसले से नाराज़गी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अक्टूबर 2025 कायमगंज चीनी मिल से जुड़ा मामला अब बेहद संवेदनशील और गंभीर होता जा रहा है। रोशनाबाद और फैजबाग सेंटर के किसान भारी रोष में हैं और उन्होंने साफ कहा है कि वे किसी भी कीमत पर अपना गन्ना रूपापुर शुगर यूनिट को नहीं देंगे।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का एक प्रतिनिधिमंडल कायमगंज चीनी मिल के जीएम से मिला था। इस मुलाकात में स्पष्ट हुआ कि चीनी मिल प्रशासन ने इस वर्ष गन्ना उत्पादन में कमी के चलते एक प्रस्ताव सरकार को भेजा था, जिसमें रूपापुर यूनिट से पहले दिए गए कुछ सेंटरों में से तीन सेंटर वापस मांगे गए थे।

लेकिन आश्चर्यजनक रूप से निर्णय इसके बिल्कुल विपरीत आया — तीन सेंटर वापस मिलने की जगह अब दो सेंटर (रोशनाबाद और फैजबाग) को रूपापुर शुगर यूनिट के अंतर्गत कर दिया गया। इस फैसले से क्षेत्र के किसान बेहद नाराज़ हैं और उन्होंने इसे सरकारी चीनी मिल को कमजोर करने की साजिश बताया है।

भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि यूनियन किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और यह मामला जिलाधिकारी महोदय के समक्ष पूरी ताकत के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्थिति में रोशनाबाद और फैजबाग सेंटर में रूपापुर यूनिट के धर्मकांटे नहीं लगने दिए जाएंगे।

अजय कटियार ने आगे कहा कि यह फैसला किसानों के हितों के खिलाफ है और सरकार अगर सरकारी चीनी मिल को बंद करने की साजिश कर रही है तो भारतीय किसान यूनियन उसे कभी सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर कल सुबह 10:00 बजे किसानों की एक अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।