फर्रुखाबाद:भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों में आक्रोश, पंचायत में फूटा गुस्सा ,सरकार पर मनमानी का आरोप

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अक्टूबर 2025 नगर पंचायत खिमसपुर के नगलाबाग रठौरा स्थित रामजनकी मंदिर परिसर में भाकियू टिकैत गुट की पंचायत आयोजित की गई, जिसमें एक्सप्रेसवे के लिए हो रहे भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों ने जोरदार विरोध जताया। पंचायत में बड़ी संख्या में किसान, भाकियू के पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार बिना उचित मुआवजा दिए उनकी जमीन जबरन लेना चाहती है। किसानों का कहना था कि प्रशासन ने जिन गांवों में अधिग्रहण किया है, वहां सर्वे और माप-तौल में भी पारदर्शिता नहीं बरती गई। “चार दिन में ही सब कुछ निपटा दिया गया, जबकि हमें अपने अधिकारों की जानकारी तक नहीं दी गई,” किसानों ने कहा।

भाकियू के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मुआवजा दरों में सुधार नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने कहा कि सरकार जमीन मुफ्त में लेना चाहती है, जबकि मौजूदा बाजार दर के अनुसार 18 से 20 लाख रुपये प्रति बीघा तक का मुआवजा मिलना चाहिए।

भाकियू के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद कटियार ने कहा कि “अगर हमारी भूमि छीन ली जाएगी तो हम खाएंगे क्या? अबकी बार किसान चुप नहीं बैठेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि हाईवे के लिए अधिगृहित भूमि को लेकर डीएम से वार्ता हुई थी, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला।

किसान नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि मनमानी जारी रही तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। बैठक में भाकियू के जिला अध्यक्ष विजय रबेया, कृष्णगोपाल मिश्र, अभय यादव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि किसान एकजुट होकर अपनी जमीन की रक्षा करेगा।

मुख्य बिंदु:

किसानों ने सरकार पर जमीन मुफ्त में लेने का आरोप लगाया।

उचित मुआवजा न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

पंचायत में भाकियू टिकैत गुट के नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन देने का निर्णय लिया।