फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अक्टूबर 2025 जिले से गुजरने वाली फर्रुखाबाद प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेसवे परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। इसके तहत जनपद की तहसील सदर एवं अमृतपुर के कुल 43 ग्रामों में भूमि अधिग्रहण किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इसी क्रम में किसानों, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन 04 अक्टूबर 2025 को सायं 6:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी फर्रुखाबाद करेंगे। इसमें प्रभावित ग्रामों के भवन, दुकान, बोरवेल, ट्यूबवेल एवं अन्य परिसंपत्तियों के मूल्य निर्धारण पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही, लिंक एक्सप्रेसवे के लिए किसानों से ली जाने वाली भूमि के संबंध में किसान संगठनों से वार्ता की जाएगी।
बैठक में जिन अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है, उनमें प्रभागीय निदेशक (सामाजिक वानिकी), उप जिलाधिकारी (सदर व अमृतपुर), अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग व सिंचाई विभाग), तहसीलदार, उप-निबंधक, रजिस्ट्रार कानूनगो और क्षेत्रीय राजस्व कर्मी शामिल हैं।
इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार को भी बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है, ताकि किसानों के पक्ष को पूरी तरह सुना जा सके।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी पत्र में सभी संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर आवश्यक सूचना सहित बैठक में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें।
यह बैठक जिले की एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना को आगे बढ़ाने और किसानों के साथ आपसी सहमति से भूमि अधिग्रहण सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
