फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 सितम्बर 2025 थाना जहानगंज पुलिस और बदमाश के बीच शनिवार तड़के काली नदी के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल को उपचार हेतु सीएससी कमालगंज में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 27 सितंबर 2025 को करीब 2:00 बजे थाना जहानगंज पुलिस टीम संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें गोली बदमाश के बाएं पैर में लग गई।
घायल बदमाश की पहचान अमजद खान उर्फ अजमत पुत्र जोहरी खान निवासी उस्मानपुर, थाना बिशुनगढ़, जनपद कन्नौज के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अमजद खान पर चोरी, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उस पर मु0अ0सं0 159/25 धारा 109(1)/303(2)/317(2) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट थाना जहानगंज में भी मुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बदमाश का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
