फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अक्टूबर 2025 जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र में सोमवार, 06 अक्टूबर 2025 की देर शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। करनपुर-जसमई मार्ग स्थित सुमनलता डिग्री कॉलेज के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस टीम ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान महाराज सिंह उर्फ पप्पू पुत्र स्व. बादशाह जाटव निवासी स्योना थाना भोगांव जनपद मैनपुरी, भारत पुत्र स्व. लेखराज शाक्य निवासी अगोनापुर थाना अलीगंज जनपद एटा और केशराम पाल उर्फ पुत्तन पुत्र भीकम सिंह निवासी न्यामतपुर खेड़ा थाना मऊदरवाजा जनपद फतेहगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान महाराज सिंह उर्फ पप्पू के बाएं पैर और भारत सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी नवाबगंज भेजा गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
🔹 पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 23 सितंबर 2025 को उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर ग्राम न्यामतपुर के ऑटो चालक पुष्पेंद्र को गोली मारी थी। वे आज अपने हिस्से के बचे हुए पैसे लेने आए थे, तभी पुलिस ने उन्हें घेर लिया। आत्मरक्षा में उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वे गिरफ्तार हो गए।
🔹 बरामदगी
मौके से पुलिस ने, दो तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, कुल 05 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस
बरामद किए हैं।
🔹 आपराधिक इतिहास
अभियुक्त महाराज सिंह उर्फ पप्पू के खिलाफ कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं—
1. मु.अ.सं. 797/03 धारा 395/397 भा.द.वि. थाना मऊदरवाजा
2. मु.अ.सं. 841/03 धारा 307 भा.द.वि. व 25/27 आर्म्स एक्ट
3. मु.अ.सं. 28/05 धारा 323/398 भा.द.वि. कोतवाली फर्रुखाबाद
4. मु.अ.सं. 240/25 धारा 103(1) बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट थाना नवाबगंज
इसी तरह अभियुक्त भारत सिंह और केशराम उर्फ पुत्तन के खिलाफ भी धारा 103(1) बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। अन्य थानों से भी इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
🔹 पुलिस का बयान
थाना नवाबगंज प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा थी। अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
