फर्रुखाबाद:कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना की ई-लॉटरी संपन्न, 28 लाभार्थियों का हुआ चयन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 नवम्बर 2025 आज कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में नन्द बाबा दुग्ध मिशन योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना की ई-लॉटरी का आयोजन अपरान्ह 12:00 बजे किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी महोद ने पारदर्शिता के साथ ई-लॉटरी की प्रक्रिया संपन्न कराई। योजना के अंतर्गत प्रत्येक चयनित लाभार्थी को ₹2 लाख मूल्य की दो देसी गायें उपलब्ध कराई जाएंगी। जनपद फर्रूखाबाद को इस योजना में कुल 28 लाभार्थियों (14 महिला व 14 पुरुष) का लक्ष्य आवंटित किया गया था।

जिला प्रशासन को कुल 118 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 97 आवेदकों को पात्र पाया गया। पात्र आवेदकों में से ई-लॉटरी के माध्यम से 14 महिला एवं 14 पुरुष लाभार्थियों का चयन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. धीरज कुमार शर्मा, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (मुख्यालय) डॉ. भूपेंद्र सिंह सहित संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने चयनित लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना” ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से कहा कि वे इस योजना के उद्देश्यों को सफल बनाने में सहयोग करें और पशुपालन को आय का स्थायी स्रोत बनाएं।