फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़)) 28 जुलाई 2025: श्रावण मास के तृतीय सोमवार को गंगा स्नान के लिए पांचालघाट स्थित कच्चे घाट पर भारी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। इस दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब स्नान के दौरान कई युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बताया गया कि ग्राम तेढ़ा, थाना कमालगंज निवासी एक युवक जब गहरे पानी में चला गया तो उसे बचाने के प्रयास में उसके साथ मौजूद अन्य 5 युवक भी डूबने लगे। मौके पर मौजूद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों, स्थानीय पुलिस व गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी 6 युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं घाट के अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार की घटनाओं में 8 अन्य युवकों को डूबने से बचाया गया। कुल 14 युवकों को सकुशल गंगा नदी से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिवारीजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
इस साहसिक और मानवीय प्रयास के लिए फतेहगढ़ पुलिस की व्यापक प्रशंसा हो रही है। आमजनमानस व परिजनों ने पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा, त्वरित प्रतिक्रिया व सेवा भावना की भूरि-भूरि सराहना की है।
गुमशुदा बालक को ऑपरेशन मुस्कान के तहत सुरक्षित लौटाया
इसी दिन थाना कम्पिल क्षेत्र से एक 12 वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना पर भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। बालक सुबह स्कूल के लिए निकला था लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी कायमगंज श्री संजय वर्मा व थाना कम्पिल पुलिस की टीम ने अल्प समय में खोज अभियान चलाकर महज एक घंटे के भीतर बालक को सकुशल खोज निकाला और परिजनों के हवाले कर दिया।
यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस के #ऑपरेशन_मुस्कान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य गुमशुदा व लापता बच्चों को सुरक्षित परिजनों तक पहुँचाना है।
जनता ने जताया विश्वास
इन दोनों घटनाओं में फतेहगढ़ पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और सेवाभाव ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम है, बल्कि जनसेवा व मानवीय सरोकारों के प्रति भी समर्पित है।
