फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 क्षेत्र के मोहल्ला ग्वालटोली टिलिया में कई दिनों से एक क्षतिग्रस्त विद्युत पोल लोगों के लिए खतरा बना हुआ था। पोल स्कूल के पास स्थित होने के कारण किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में कुटरा फीडर के जेई विनय चौहान को सूचना दी थी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मोहल्लेवासियों ने भाजपा फतेहगढ़ मीडिया प्रभारी राहुल राठौर को सूचना दी। जानकारी मिलते ही राहुल राठौर ने सक्रियता दिखाते हुए अधीक्षक अभियंता और अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले से अधिकारियों को अवगत कराया।
राहुल राठौर के हस्तक्षेप के बाद मात्र चंद घंटों में ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल को हटाने का कार्य पूरा किया गया।
स्थानीय निवासियों ने भाजपा नेता राहुल राठौर के तत्पर प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो कोई अप्रिय हादसा हो सकता था।
