फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 दिसंबर 2025 भारत रत्न, भारतीय संविधान के शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फतेहगढ़ जेएनवी तिराहे रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रतिमा पर माल्यार्पण कर डॉ. अंबेडकर के योगदान को नमन किया गया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, पूर्व राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र कठेरिया, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला मंत्री अमरदीप दीक्षित सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 6 दिसंबर को डॉ. अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया जाता है। डॉ. अंबेडकर ने भारत के संविधान का निर्माण कर सामाजिक समरसता, समानता और न्याय का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने गरीब, दलित, पिछड़े, शोषित एवं वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार डॉ. अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बताया कि जनपद में चल रहे मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनूप कुमार गुप्ता 8 दिसंबर को जनपद प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेकर अभियान की समीक्षा करेंगे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहेब के विचारों को जीवन में अपनाने और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
