फर्रुखाबाद: डीएम ने 1 करोड़ से अधिक के कार्यों की समीक्षा, लापरवाह विभागों पर जताई नाराजगी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में 1 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रही 75 निर्माणाधीन योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

डीएम ने विद्युत विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माणाधीन सड़कों पर लगे विद्युत पोल तत्काल शिफ्ट किए जाएं। वहीं, यूपी प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड, कानपुर द्वारा लोहिया अस्पताल में 50 शैय्या क्रिटिकल यूनिट का कार्य समय से पूरा न करने पर नाराजगी जताई और उनके खिलाफ शासन को पत्र लिखने का आदेश दिया।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने –पर्यटन विभाग को पांचाल घाट पर चल रहे कार्य तुरंत पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जल निगम को ढिलावल पेयजल परियोजना शीघ्र पूर्ण कर हस्तांतरित करने को कहा। यूपीसीएलडीएफ द्वारा हो रही धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। यूपीआरएनएसएस लिमिटेड को कारगर में चल रहे कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

डीएम द्विवेदी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुके कार्यों को नियमानुसार हैंडओवर किया जाए और निर्माण कार्यों में मानक व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अभियंताओं को नियमित निरीक्षण करने और किसी भी समस्या की तुरंत जानकारी देने के लिए कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।