फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अक्टूबर 2025 जनपद में आज संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ आदरणीय जिलाधिकारी द्वारा नगर पंचायत कंपिल परिसर से किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, ICDS विभाग और नगर विकास विभाग की संयुक्त रूप से आयोजित जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में नगर पंचायत अध्यक्ष महोदया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली में आशा, आशा संगिनी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ANM, CHO, सफाई नायक समेत करीब 150 फ्रंटलाइन कर्मियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नारे, पोस्टर व बैनर के माध्यम से नगरवासियों को संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया।
रैली नगर पंचायत परिसर से शुरू होकर मुख्य चौराहे से होते हुए रामेश्वरनाथ मंदिर के समीप द्रौपदी कुंड तक निकाली गई। समापन के पश्चात जिलाधिकारी ने फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता और जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय हैं। हर नागरिक को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”
उन्होंने “विकसित उत्तर प्रदेश अभियान” के तहत अधिक से अधिक लोगों से सुझाव भेजने का भी आह्वान किया। इस दौरान ACMO ने बताया कि 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जन समुदाय को रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही 11 से 31 अक्टूबर तक “दस्तक अभियान” के अंतर्गत आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जानकारी देंगी।
इस अवसर पर एसडीएम, MOIC, BDO, HEO, BCPM, CDPO, EO सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
