(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अगस्त 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) निस्तारण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद की खराब प्रदर्शन रैंकिंग—जुलाई माह में आई 61वीं स्थिति—को लेकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
बैठक के दौरान डीएम द्विवेदी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी प्रतिदिन अपने कार्यालय में पहुंचने के बाद सबसे पहले आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण स्वयं की निगरानी में कराया जाए और हर शिकायतकर्ता से सीधा संवाद भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि कोई भी शिकायत डिफाल्टर श्रेणी में आने से तीन दिन पूर्व ही गुणवत्तापूर्ण और स्पष्ट निस्तारण रिपोर्ट पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड कर दी जाए। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि जिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं हो सका, उनसे स्पष्टीकरण लिया जाए। यदि जवाब संतोषजनक न हो, तो उनके विरुद्ध कठोर एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए। डीएम ने दोटूक कहा कि आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, डीएफओ राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
