फर्रुखाबाद:डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को कमालगंज क्षेत्र के प्रा0वि0 मिर्जा नगला और संविलियन विद्यालय मोहनपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विद्यालयों की व्यवस्थाओं, बच्चों की उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।

प्राथमिक विद्यालय मिर्जा नगला में 70 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष 56 बच्चे उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का अभाव, फर्श की टूटी टाइलें और हैंडपंप के पास जमी हुई मिट्टी पाई गई। इन कमियों पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

वहीं, संविलियन विद्यालय मोहनपुर कमालगंज में 276 के सापेक्ष 206 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। यहां विद्यालय परिसर स्वच्छ मिला और शिक्षा का स्तर संतोषजनक पाया गया। जिलाधिकारी ने शिक्षामित्र अर्चना दीक्षित द्वारा बच्चों को गणित पढ़ाने की शैली और स्तर की प्रशंसा की। साथ ही विद्यालय परिसर में लगे पौधों की ट्रिमिंग कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि “विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”