फर्रुखाबाद:कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारियों का डीएम व एसपी ने किया श्रंगीरामपुर घाट पर निरीक्षण

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 नवम्बर 2025 आगामी कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने श्रंगीरामपुर घाट पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देशित किया कि गंगा तट पर गोताखोर, बोट व नाविक, शुद्ध पेयजल (ड्रिंकिंग वाटर), मोबाइल टॉयलेट तथा चेंजिंग रूम की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। साथ ही घाट और मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर लगाए जाएं तथा श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन हेतु पी.ए. सिस्टम (लाउडस्पीकर सिस्टम) की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने मेडिकल कैम्प लगाने, एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने और घाट तक जाने वाले मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर, ईओ जिला पंचायत, खंड विकास अधिकारी कमालगंज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन द्वारा किए जा रहे ये सभी प्रबंध आगामी कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।