फर्रुखाबाद:डीएम व एसपी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत कार्यों के दिये निर्देश।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 अगस्त 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने आज जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पंखियन की मड़ैया (तहसील सदर) एवं तीसराम की मड़ैया (तहसील अमृतपुर) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बाढ़ तथा कटान से उत्पन्न हालातों की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने सिचाई विभाग को निर्देशित किया कि कटान से प्रभावित गाँवों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए कि संवंधित गाँवों में नाव एवं नाविकों की पर्याप्त व्यवस्था की जाए तथा बाढ़ राहत शरणालयों व चौकियों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि आपात स्थिति में ग्रामीणों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके। इस मौके पर संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारी श्री रजनीकांत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने हेतु तत्परता दिखाई जा रही है।