फर्रुखाबाद:धनतेरस व दीपावली पर्व को लेकर डीएम व एसपी ने बाजारों में किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायज़ा।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अक्टूबर 2025 आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह फतेहगढ़ महोदया द्वारा शनिवार को कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के सर्राफा बाजारों एवं मुख्य मार्गों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बाजार में खरीदारी कर रहे नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है और आमजन सुरक्षित वातावरण में त्यौहार मना सकेंगे।

इस दौरान दुकानदारों को सुरक्षा उपाय, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, अतिक्रमण नियंत्रण तथा सीसीटीवी कैमरे लगाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, पार्किंग प्रबंधन एवं महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

दोनों अधिकारियों की यह पहल नागरिकों में सुरक्षा के प्रति विश्वास और प्रशासनिक सक्रियता का सकारात्मक संदेश लेकर आई। नागरिकों ने भी प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की और शांतिपूर्ण व सुरक्षित तरीके से पर्व मनाने का संकल्प लिया।