फर्रुखाबाद: संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने दिलाई शपथ, मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण को देखा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 नवम्बर 2025 जिले में बुधवार को पूरे गौरव और सम्मान के साथ संविधान दिवस मनाया गया। फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सभी अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान की शपथ ली।

कार्यक्रम की शुरुआत में डीएम द्विवेदी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की पंक्तियाँ दोहराते हुए देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की शपथ दिलाई।

इसके पश्चात लखनऊ में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में संविधान के मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की। साथ ही सभी को संविधान के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में संविधान पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें संविधान निर्माण, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और नागरिक अधिकारों से संबंधित जानकारी दी गई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, समेत सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

संविधान दिवस का यह आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को स्मरण कराने का प्रभावी माध्यम साबित हुआ।