फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अक्टूबर 2025 जनपद के क्षेत्र नवाबगंज रावतपट्टी गांव में दीपावली की शाम एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्दनाक हादसा बन गई। सोमवार शाम लगभग सात बजे दो वर्षीय मासूम सत्यम की बिजली के झालर से करंट लगने से मौत हो गई।
घटना के अनुसार, रावतपट्टी निवासी आलोक कुमार अपने परिवार के साथ घर की दीपावली सजावट कर रहे थे। बाजार से लाई गई बिजली की झालर की जांच के बाद परिवार के अन्य सदस्य छत पर मोमबत्तियां लगाने चले गए। इस दौरान सत्यम नीचे कमरे में खेल रहा था। खेलते-खेलते उसने जमीन पर रखी झालर के बल्ब को पकड़ लिया, जिससे उसे करंट लग गया।
परिजन तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और सत्यम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी स्थिति गंभीर थी। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे ने पूरे परिवार और गांव में मातम छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह हादसा अत्यंत दुखद है और दीपावली के अवसर पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार और ग्रामीणों का कहना है कि इस हादसे ने दीपावली की खुशियों को उनके लिए गहरे दुःख में बदल दिया।
सावधानी की आवश्यकता: इस दुखद घटना ने एक बार फिर याद दिलाया कि त्योहारों के समय बिजली की सजावट करते समय बच्चों से दूर रखना और उपकरणों की सुरक्षा जांच करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
