फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार परिसर फतेहगढ़ में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध रूप से वृक्षारोपण की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2025 के समान ही आगामी वर्ष में भी वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा जाएगा तथा अगले वर्ष के लिए प्रस्तावित वृक्षारोपण स्थलों की भूमि का चिन्हांकन अभी से कर लिया जाए।
बैठक में डीएफओ द्वारा अवगत कराया गया कि वर्ष 2025 में किए गए वृक्षारोपण का अंतर्विभागीय सत्यापन पूर्ण हो चुका है। सभी विभागों की गणना पंजिकाएं तैयार कर ली गई हैं तथा वन विभाग द्वारा आगामी वृक्षारोपण हेतु नर्सरी की तैयारी भी पूरी कर ली गई है।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मेला श्री रामनगरिया में प्लास्टिक एवं थर्माकोल की पत्तलों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। साथ ही गंगा घाटों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, पीडी डीआरडीए सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, गंगा स्वच्छता एवं हरित क्षेत्र विस्तार को लेकर जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
