फर्रुखाबाद: जिला टॉपर वैष्णवी शुक्ला ने निभाई सांकेतिक जिलाधिकारी की भूमिका,सुनी समस्याएं।

(द दस्तक 24 न्यूज़) , 07 अक्टूबर 2024 जिलाधिकारी  डा0 वी0 के0 सिंह के निर्देश के क्रम मे जनपद में  मिशन शक्ति विशेष अभियान फेस 5 के अंतर्गत महिला एवं बालिकाओं को प्रोत्साहित करने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में “एक दिन की जिलाधिकारी कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य महिलाओं तथा बालिकाओं को इन पदों पर कार्यरत होकर कैसे पदगत दायित्व का निर्वहन किया जाता है इसके प्रति जागरूकता पैदा करना जिसके फलस्वरुप उन्हें  देश के प्रदेश के संवैधानिक व प्रशासनिक पदों पर पहुंचने की प्रेरणा मिले। इसी क्रम में जिले में इंटर बोर्ड परीक्षा 2024 में टॉप करने वाली बालिका वैष्णवी शुक्ला पुत्री अमित शुक्ला निवासी खतराना मोहल्ला, जिला फर्रुखाबाद को एक दिन का जिलाधिकारी कार्यक्रम के अंतर्गत सांकेतिक जिलाधिकारी की भूमिका सौंपी गई। जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि बालिका वैष्णवी शुक्ला बहुत ही होनहार छात्रा हैं इन्होंने इंटर बोर्ड परीक्षा में टॉप किया है। 

 सांकेतिक जिलाधिकारी वैष्णवी शुक्ला ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है कि अपने घर के साथ साथ अपने आसपास भी साफ सफाई रखें। उन्होंने जनता दरबार में आए हुए फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि जिलाधिकारी बनकर मुझे बहुत ही खुशी हो रही है तथा मैं भविष्य में कठिन परिश्रम कर IAS परीक्षा उत्तीर्ण कर जिलाधिकारी ही बनना चाहूंगी। बालिका वैष्णवी शुक्ला को अपर जिला अधिकारी (वि0/रा0) द्वारा बैग, बोतल, डायरी व पैन देकर सम्मानित भी किया गया।  इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, जिला  प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र, संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह आदि उपस्थित रहें।

Leave a Comment