फर्रुखाबाद:जिला स्वच्छ भारत मिशन समिति की बैठक संपन्न — जिलाधिकारी ने दिए सफाई और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अक्टूबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन से संबंधित कुल 11 एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने बताया कि व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के केवल 191 आवेदन लंबित हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सभी लंबित आवेदनों का तत्काल सत्यापन कर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीपीआरओ ने जानकारी दी कि जनपद की 580 ग्राम पंचायतों में से 570 में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने इन सभी शौचालयों की साफ-सफाई एवं रखरखाव की गुणवत्ता के सत्यापन के निर्देश भी दिए।

उन्होंने बताया कि ओडीएफ प्लस घोषित 828 गाँवों में से 819 गाँवों का प्रथम सत्यापन एवं 286 गाँवों का द्वितीय सत्यापन पूरा हो गया है। वहीं 580 चयनित आरआरसी में से 575 का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

कूड़ा कलेक्शन के लिए यूजर चार्जेज के रूप में 1.66 लाख रुपये इस माह अब तक एकत्रित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही दो प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का कार्य भी पूर्ण हो गया है।

बैठक में यह भी बताया गया कि वर्ष 2025–26 में जनपद को 10 अंत्योष्टि स्थल निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके अंतर्गत 06 ग्राम पंचायतों में कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसी तरह 04 बहुद्देश्यीय पंचायत भवनों के निर्माण लक्ष्य में से 03 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने अवशेष एक भवन का जल्द चयन कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

बैठक में पीडी डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।