फर्रुखाबाद: आगामी पीसीएस परीक्षा की तैयारी को लेकर जिलाधिकारी की बैठक आयोजित।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 आगामी पीसीएस परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा व्यवस्था, समय-निर्धारण और अनुशासन बनाए रखने से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परीक्षा प्रारंभ होने से तीन घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। मोबाइल फोन सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस कंट्रोल रूम में जमा किए जाएंगे। अनुपस्थित कर्मियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर डेढ़ घंटे पूर्व पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रवेश के समय रोल नंबर को सिटिंग प्लान से मिलान कर सत्यापन किया जाएगा और अभ्यर्थी के प्रपत्र पर स्टीकर चिपकाया जाएगा। परीक्षा केंद्र के गेट 45 मिनट पहले बंद कर दिए जाएंगे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

परीक्षा से 15 मिनट पूर्व प्रश्न पत्र वितरित किए जाएंगे, जिनका संलग्नक दो अभ्यर्थियों के हस्ताक्षर के साथ भरा जाएगा, जिसे “ओपनिंग सर्टिफिकेट” कहा जाएगा। प्रश्न पत्र बुकलेट और ओएमआर शीट को एक साथ पैक किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों—उपस्थित एवं अनुपस्थित—को प्रश्न पत्र दिए जाएंगे और उसके बाद “9A फॉर्म” भरा जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों से कहा कि प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के नंबरों की समानता की जांच अवश्य करें तथा सभी एंट्री को सावधानीपूर्वक सत्यापित करें।

बैठक में बड़ी संख्या में परीक्षकगण, केंद्राध्यक्ष, एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।