फर्रुखाबाद:पांचाल घाट पुल की मरम्मत को लेकर जिलाधिकारी सख्त, जल्द शुरू होगा कार्य।

(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जुलाई 2025 जनपद का महत्वपूर्ण पांचाल घाट पुल इन दिनों अपनी जर्जर स्थिति को लेकर चर्चा में है। आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने पुल की बदहाली का संज्ञान लेते हुए कलेक्ट्रेट में एक आपात बैठक आहूत की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “पूर्व में निर्देश देने के बावजूद पुल पर गड्ढे नहीं भरे गए, जो अत्यंत खेदजनक है। कार्य की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है, जबकि पर्याप्त समय उपलब्ध था।” उन्होंने विभाग से पुल की मरम्मत व कांवड़ मार्ग के गड्ढे भरने की अंतिम समयसीमा लिखित रूप में मांगी है।

जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में लगाए गए रबर बैरियर पूरी तरह असफल साबित हुए। इसलिए अब एक स्थायी कार्ययोजना बनाकर ही कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत के लिए पूर्ण रूप से यातायात बंद कर, भरपूर मानव संसाधन के साथ कार्य किया जाए। पुल की लंबाई, खंभों के बीच की दूरी, क्षतिग्रस्त हिस्सों की गिनती एवं मरम्मत की गणना हेतु सिविल इंजीनियरिंग टीम को निर्देशित किया गया है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्य प्रारंभ होने से पूर्व एक और बैठक आयोजित की जाएगी, जिससे तैयारी पूर्ण रूप से सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि “हर दिन कार्य की मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”इस मौके पर थाना कादरीगेट के प्रभारी द्वारा पांचाल घाट पुलिस चौकी पर एक कंट्रोल रूम स्थापित करने का प्रस्ताव भी दिया गया ताकि सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण बेहतर ढंग से किया जा सके। बैठक में सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, अभियंता व तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।