फर्रुखाबाद :फार्मर रजिस्ट्री शत-प्रतिशत कराने को लेकर जिलाधिकारी की सख्ती, एक सप्ताह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जनवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाने के उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य रूप से बनवाई जाए। उन्होंने कहा कि समस्त नोडल अधिकारी अपने-अपने न्याय पंचायत क्षेत्र के सभी ग्रामों में तैनात कार्मिकों के माध्यम से यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक कार्मिक का लक्ष्य निर्धारित कर उसके सापेक्ष प्रतिदिन की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि ग्राम पंचायतों को उपलब्ध विभिन्न सूचियों के आधार पर ऐसे किसानों की सूची तैयार की जाए, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी किसी कारणवश नहीं बन पा रही है। इन सूचियों को संबंधित ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम प्रधान से प्रमाणित कराकर खंड विकास अधिकारी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाए।

उन्होंने अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।