फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी ने कर-करेत्तर समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, कम वसूली वाले विभागों को चेताया

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अक्टूबर 2025 जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में कर-करेत्तर राजस्व की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर विभाग, स्टाम्प एवं निबंधन विभाग, आबकारी विभाग, परिवहन विभाग, खनन विभाग, तथा मंडी समिति फर्रुखाबाद की वसूली लक्ष्य से काफी कम पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को राजस्व वृद्धि के लिए ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

🔸 खनन विभाग को निर्देशित किया गया कि प्रवर्तन कार्यों में सख्ती और तेजी लाए तथा अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।

🔸 नगर पंचायत कंपिल, नगर पालिका कायमगंज व नगर पालिका फर्रुखाबाद की वसूली भी अपेक्षाकृत कम पाई गई। जिलाधिकारी ने इन निकायों को राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने हेतु प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए।

🔸 वहीं, विद्युत विभाग की वसूली को संतोषजनक पाया गया।

डॉ. द्विवेदी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सीएम डैशबोर्ड के पैरामीटरों की समीक्षा करें और उसमें निरंतर सुधार लाएं ताकि शासन के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति समयबद्ध ढंग से हो सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नगर मजिस्ट्रेट, तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।