फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अक्टूबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में खरीफ 2025 की फसल बीमा योजना से संबंधित जमीन के विवरण के सत्यापन हेतु बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चकबंदी वाले गांवों के किसानों की नाम एवं गांववार सूची तैयार की जाए। साथ ही बैंक द्वारा फसल बीमा कराने वाले किसानों की सूची भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि दोनों सूचियों का मिलान कर सत्यापन कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सत्यापन कार्य की निगरानी के लिए तहसीलदार की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाए, जो सभी आवश्यक अभिलेखों का परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, उपनिदेशक कृषि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान हित में कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करें, ताकि पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ समय पर मिल सके।
