फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने आज शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर कौशलेंद्र सिंह राठौर चिकित्सालय, एएनएम ट्रेनिंग सेंटर तथा पोस्टमार्टम हाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायज़ा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराई जाएं और इसे पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाया जाए ताकि आमजन को स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा सुनिश्चित कराई जाए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी एएनएम ट्रेनिंग सेंटर पहुँचे और वहाँ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं प्रशिक्षु महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और प्रशिक्षण सामग्री की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और भावी सेवा में पूरी निष्ठा के साथ मरीजों की देखभाल करें।
अंत में, जिलाधिकारी ने पोस्टमार्टम हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई और रोशनी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका ईओ श्री विनोद कुमार को पोस्टमार्टम हाउस में हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि रात के समय भी यहाँ आवश्यक कार्य सुविधा पूर्वक सम्पन्न हो सकें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीन्द्र कुमार, एसीएमओ डॉ. आर.सी. माथुर तथा नगर पालिका ईओ श्री विनोद कुमार भी उपस्थित रहे।
