फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 सितम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, मोहम्मदाबाद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के बच्चों के लिए बनाए जा रहे भोजन की गुणवत्ता चेक की और संतोषजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की बाउंड्रीवाल को सही कराने के निर्देश दिए। हॉस्टल की सीढ़ियों के पास टाइल लगाने और फर्श का ढलान ऐसा रखने पर ज़ोर दिया जिससे पानी न रुके।
निर्माण कार्य पर जताई नाराज़गी
विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य की गति अत्यंत धीमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी जताई और कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
निरीक्षण में छात्रों के हॉस्टल में बिछाई गई बेडशीट गंदी पाई गईं। वहीं, विद्युत वायरिंग के पैनल खुले पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने गंभीर नाराज़गी जताई और तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। विद्यालय के अंदर बनी सड़क की स्थिति भी अत्यंत जीर्ण-शीर्ण पाई गई।
प्रधानाचार्य कक्ष में लगे एयर कंडीशनर का आउटडोर यूनिट कॉरिडोर में लगाया गया था, जिससे निकलने वाली गर्म हवा सीधे बच्चों के कक्षाओं में जा रही थी। इस पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी आपत्ति जताई। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
