फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 सितम्बर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बुधवार को ऋणपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) मार्जिन मनी योजना, प्रधानमंत्री खाद्य उद्योग सूक्ष्म उन्नयन योजना, माटी कला योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना की बैंकवार प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर किया जाए, वहीं स्वीकृत प्रकरणों का वितरण तीन कार्यदिवस में सुनिश्चित हो।
बैठक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ इंडिया की प्रगति अत्यंत खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्टेट बैंक के ऋण स्वीकृत अधिकारी को कल मण्डलायुक्त महोदय के समक्ष उपस्थित होने के आदेश दिए।
इसी दौरान जिलाधिकारी ने श्री मोहम्मद आज़म, सहायक प्रबंधक को सहायक आयुक्त उद्योग पद पर पदोन्नति मिलने पर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
बैठक में उपायुक्त उद्योग, खादी ग्रामोद्योग, जिला उद्यान अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
