फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों संग की बैठक, विकास कार्यों की समीक्षा

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अक्टूबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद के सभी ग्राम प्रधान शामिल हुए। बैठक में विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश अभियान, क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, स्वच्छता शुल्क वसूली तथा 15वें और 5वें वित्त आयोग के व्यय से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से अपेक्षा की कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायत के प्रत्येक वार्ड से अधिक से अधिक लोगों का फीडबैक दिलवाएं। उन्होंने कहा कि एक ग्राम प्रधान कम से कम 1000 फीडबैक दिलवाने का लक्ष्य रखें। एक मोबाइल नंबर से तीन बार फीडबैक दिया जा सकता है। इस अवसर पर ग्राम प्रधानों को फीडबैक प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानगण क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और स्वच्छता शुल्क वसूली जैसे अभियानों में स्वयं रुचि लेकर कार्य करें। साथ ही 15वें और 5वें वित्त आयोग से प्राप्त निधियों का समय पर और सही उपयोग सुनिश्चित करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी दी कि जिस पंचायत से सबसे अधिक फीडबैक प्राप्त होंगे, उसे सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला पूर्ति अधिकारी, डीपीआरओ सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी और ग्राम प्रधान मौजूद रहे।