फर्रुखाबाद:समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक परीक्षा 2023 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में परीक्षा के दौरान नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक एवं केंद्र पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

बैठक में लोक सेवा आयोग के अधिकारियों द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों और निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि

सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम तीन घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहें।

परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल, स्मार्टवॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और हैंडबैग ले जाना पूरी तरह निषेध रहेगा।

किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को आईडी कार्ड जारी किया जाएगा।

परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में स्थित फोटोकॉपी की दुकानें व साइबर कैफे बंद रहेंगे।

सभी अधिकारी निर्देश पुस्तिका का गहन अध्ययन सुनिश्चित करें।

परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा किट की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

बैठक में कानून-व्यवस्था और चिकित्सा प्रबंधन की दृष्टि से पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, सभी उपजिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।