फर्रुखाबाद:श्रीराम नगरिया मेला व विकास प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक, दिए महत्वपूर्ण निर्देश

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 नवंबर 2025 आगामी 03 जनवरी 2026 से 03 फरवरी 2026 तक लगने वाले मेला श्रीराम नगरिया एवं विकास प्रदर्शनी की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में मेला समिति की आवश्यक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आगंतुकों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि मेले की व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न समितियों — जैसे सांस्कृतिक समिति, निविदा आमंत्रण समिति, दुकान/भू-आवंटन समिति, आय-व्यय समिति, अस्थायी शौचालय समिति, चिकित्सा व्यवस्था समिति, सफाई व्यवस्था समिति, यातायात/परिवहन समिति, विकास प्रदर्शनी समिति, खाद्य सामग्री समिति, कानून व्यवस्था समिति व मीडिया सेल समिति — का गठन किया गया है।

🏕️ मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर दिए गए निर्देश

पेयजल व्यवस्था पूर्व की भांति रहेगी, विशेष पर्वों पर नगर पालिका के वाटर टैंकर लगाए जाएंगे। बिजली के सभी केबल इंसुलेटेड होंगे और साउंड सिस्टम उच्च गुणवत्ता का होगा। खोया-पाया केंद्र, बालेंटियरों के लिए यूनिफॉर्म, तथा कैम्प कार्यालयों की अच्छी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी। पैंटून पुल के दोनों सिरों पर बैरिकेडिंग व “पानी गहरा है” चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और रोटेशन के अनुसार मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। मोबाइल टॉयलेट व उनकी सफाई व्यवस्था, एन्टी लार्वा छिड़काव व फॉगिंग नियमित रूप से कराई जाएगी।

🚨 सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेला क्षेत्र में तीनों विधाओं के चिकित्सा कैम्प लगाएं, एम्बुलेंस की तैनाती करें तथा सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रखें।

सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अग्निशमन वाहनों की तैनाती, नावों पर नाविक और मालिक के नाम, बैठने की क्षमता व लाइफ जैकेट की उपलब्धता अनिवार्य की गई है।

🌿 स्वच्छता व पर्यावरण के प्रति सख्ती

मेले को प्लास्टिक मुक्त जोन घोषित किया जाएगा।

मेला समाप्ति के बाद क्षेत्र की सफाई की शर्त टेंडर में अनिवार्य रूप से जोड़ी जाएगी।

सभी दुकानों और मंचों पर अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था व फायर एनओसी सुनिश्चित की जाएगी।

🎪 विकास प्रदर्शनी और सांस्कृतिक आयोजन

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि विकास प्रदर्शनी में महिला समूहों और स्थानीय उत्पादों की दुकानें लगाई जाएं।

कमेटी सदस्यों ने सुझाव दिया कि विकास प्रदर्शनी पूरे मेले की अवधि तक चले तथा जिला गंगा समिति व पर्यटन विभाग के भी विशेष स्टॉल लगाए जाएं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, डीएफओ राजीव कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत, वरिष्ठ कोषाधिकारी तथा मेला समिति के पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।