फर्रूखाबाद:पेट्रोल पंप व बायो डीजल संयंत्रों की लंबित एनओसी पर जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में प्रस्तावित पेट्रोल पंपों और बायो डीजल संयंत्रों की लंबित एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया को गति देना था।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से सभी लंबित मामलों की जांच पूर्ण कर अपनी आख्या उपलब्ध कराएं ताकि निवेश व औद्योगिक विकास से जुड़े इन प्रस्तावों को समयबद्ध रूप से स्वीकृति प्रदान की जा सके।

बैठक में डीएफओ (वन अधिकारी), जिला पूर्ति अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि अनावश्यक देरी को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उत्तरदायित्व तय करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह बैठक निवेशकों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी एनओसी आवेदनों की विभागीय समीक्षा कर नियमानुसार शीघ्र निर्णय लें ताकि औद्योगिक परियोजनाओं को शुरू करने में कोई बाधा न रहे।