फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अगस्त 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को सायं 5 बजे जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में गौशाला विषयक बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान मिली कई खामियों पर गंभीर नाराज़गी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण में पाया गया कि कई गौशालाओं में गोबर का उचित प्रबंधन नहीं किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित नियंत्रक अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, 26 स्थानों में से मात्र एक स्थान पर ही हरा चारा बोने की जानकारी मिलने पर उन्होंने गहरी नाराज़गी जताई और तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया।
कुडरी सारंगपुर गौशाला में पानी भरे होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही, पशुओं के टीकाकरण की असंतोषजनक स्थिति पर भी नोटिस जारी करने को कहा। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि चरागाह एवं गौशाला की भूमि का सही चिन्हांकन कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्थिति में भूसे की कमी नहीं होनी चाहिए। यदि निरीक्षण में लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
★पंचायत सहायकों की बैठक
एक अन्य बैठक में जिलाधिकारी ने पंचायत सहायकों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन कम से कम 100 फेमिली आईडी फीड करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बाढ़ रहित क्षेत्रों में बाढ़ का बहाना बनाकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, फार्मर रजिस्ट्री में आवंटित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
