(द दस्तक 24 न्यूज़) , 22 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने आज बढ़पुर नगर क्षेत्र स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय तथा कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र उपस्थिति, शैक्षिक गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और मिड-डे मील की स्थिति का जायजा लिया।
कन्या प्राथमिक विद्यालय में नामांकित 78 छात्राओं में से 65 उपस्थित पाई गईं, जबकि कम्पोजिट विद्यालय में नामांकित 136 विद्यार्थियों में से 111 उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने छात्रों से संवाद कर उनके पाठ्यक्रम, पढ़ाई की स्थिति और शिक्षकों की भूमिका की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा के स्तर को “सामान्य” बताया, लेकिन शैक्षिक गुणवत्ता में और सुधार के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और विद्यालय प्रबंधन को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त, मिड-डे मील की गुणवत्ता की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने भोजन तैयार कर रही रसोइयों से स्वच्छता बनाये रखने की अपील की और कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद की जा रही है, साथ ही स्कूलों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
