फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा विरिया टांडा, शमसाबाद स्थित रूपापुर चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य गन्ना किसानों को दी जा रही सुविधाओं, क्रय प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेना रहा।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि गन्ना क्रय केंद्र पर ट्राली की लोडिंग एवं अनलोडिंग के नाम पर प्रति ट्राली ₹200 वसूले जा रहे हैं। इस शिकायत पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और तत्काल रूपापुर चीनी मिल के प्रबंधक से दूरभाष पर वार्ता की।
चीनी मिल प्रबंधक ने बातचीत में बताया कि मिल द्वारा लोडिंग–अनलोडिंग के नाम पर कोई भी शुल्क निर्धारित नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गन्ना क्रय केंद्र पर लागू सभी शुल्कों एवं नियमों की जानकारी डिस्प्ले बोर्ड पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अवैध वसूली पर रोक लगाई जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा क्रय केंद्र पर पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
