फर्रुखाबाद:कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया सड़क सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 नवम्बर 2025 यातायात माह नवम्बर के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शुक्रवार को कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न दुर्घटना बाहुल्य तिराहों एवं चौराहों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, संकेतक बोर्डों की स्थिति, सड़क की दशा, प्रकाश व्यवस्था तथा अवैध पार्किंग की समस्या का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा जनहित का विषय है, अतः प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने चिन्हित स्थलों पर सुरक्षा संकेतक, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड तथा सीसीटीवी कैमरे शीघ्र लगवाने के निर्देश दिए ताकि दुर्घटनाओं की रोकथाम हो सके।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि यातायात पुलिस द्वारा निरंतर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग का यह संयुक्त प्रयास सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।